पवाणी अग्निकांड: CM धामी ने प्रत्येक प्रभावित परिवार को 5 लाख देने की घोषणा

पवाणी अग्निकांड: CM धामी ने प्रत्येक प्रभावित परिवार को 5 लाख देने की घोषणा

पवाणी अग्निकांड: पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे CM धामी, प्रत्येक परिवार को 5 लाख की सहायता का ऐलान

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मोरी तहसील के अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के बीच बैठकर उनकी पीड़ा सुनी और अग्निकांड से हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक प्रभावित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नुकसान का वास्तविक आकलन कर पीड़ितों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई जाए।

प्रभावित परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना प्राथमिकता

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता अग्निकांड में बेघर हुए परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना और उनके जीवन को सामान्य बनाना है। सर्दी के मौसम और संभावित बर्फबारी को देखते हुए अधिकारियों को विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रभावित परिवारों को प्रतिकूल मौसम में परेशानी न हो।

छह महीने तक राशन उपलब्ध कराने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने बताया कि अग्निकांड में ग्रामीणों के घरों के साथ उनका छह महीने के लिए सुरक्षित रखा राशन भी नष्ट हो गया है। इसे देखते हुए उन्होंने प्रभावित परिवारों को आगामी छह माह तक राशन उपलब्ध कराने की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही पीड़ित परिवारों की दैनिक जरूरतों का भी ध्यान रखने को कहा गया है, ताकि राहत और पुनर्वास के दौरान उन्हें आवश्यक वस्तुओं की कमी का सामना न करना पड़े।

बच्चों की पढ़ाई नहीं होगी प्रभावित

अग्निकांड प्रभावित परिवारों के बच्चों की शिक्षा को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आवश्यकता के अनुसार विद्यालय और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जाए।

मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ महिलाओं और बुजुर्गों की जरूरतों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।

प्रभावित परिवारों को दोबारा खड़ा करना सरकार का लक्ष्य

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जिन परिवारों ने भीषण अग्निकांड में अपने आशियाने और जीवनभर की जमा पूंजी खो दी है, उनकी पीड़ा को समझना बेहद कठिन है। सरकार का पूरा तंत्र प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है।

उन्होंने कहा कि यह केवल आर्थिक सहायता देने का विषय नहीं है, बल्कि प्रत्येक परिवार को दोबारा अपने पैरों पर खड़ा करने और उनके जीवन में विश्वास व उम्मीद लौटाने का प्रयास है। किसी भी पीड़ित परिवार को अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत, पुनर्वास और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!