मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम CM धामी की बड़ी घोषणा: सरकारी स्कूलों के 10वीं-12वीं के छात्रों को मिलेंगे टैब, बनेगा नॉलेज बैंक

युवा विद्यार्थी मंथन में CM धामी की बड़ी घोषणा, सरकारी स्कूलों के छात्रों को मिलेंगे टैब

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विद्यार्थियों को टैब खरीदने हेतु डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से उनके बैंक खातों में धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही राज्य में एक ‘नॉलेज बैंक’ स्थापित करने की भी घोषणा की गई।

मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर से चयनित 140 छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कर विकसित उत्तराखंड के लिए उनके विचार और सुझाव सुने। इस दौरान हरिद्वार की कक्षा 11वीं की छात्रा लवप्रीत कौर ने ऑनलाइन शिक्षा के बढ़ते महत्व और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों की समस्याओं को मुख्यमंत्री के सामने रखा।

छात्रा के सुझाव को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने मौके पर ही सरकारी स्कूलों के 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैब उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा, डिजिटल तकनीक और ज्ञान आधारित समाज के निर्माण के लिए यह कदम महत्वपूर्ण साबित होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ अभियान के तहत अब तक प्रदेशभर के 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने सुझाव और विचार सरकार को भेजे हैं। विद्यार्थियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, रोजगार, पलायन, पर्यावरण, स्टार्टअप, कौशल विकास और आधारभूत संरचना जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के उपयोगी और व्यावहारिक सुझावों को नीति निर्माण और विकास योजनाओं से जोड़ने का प्रयास करेगी। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, तकनीक और नवाचार को अपनाने तथा विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विभिन्न विषयों पर उत्कृष्ट सुझाव देने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का युवा प्रदेश के भविष्य को लेकर जागरूक है और उनकी सोच राज्य के विकास की नई दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!