मुख्यमंत्री धामी सुनेंगे युवाओं का विकसित उत्तराखंड विजन, 140 विद्यार्थियों को मिलेगा मंच
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश के 140 चयनित युवाओं से सीधे संवाद कर विकसित उत्तराखंड को लेकर उनके विचार, सुझाव और भविष्य की परिकल्पना सुनेंगे। राज्य सरकार की ओर से चलाए गए ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान के तहत प्रदेशभर के विद्यार्थियों से सुझाव आमंत्रित किए गए थे, जिसमें 2,67,744 विद्यार्थियों ने भागीदारी की।
युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में चयनित 140 छात्र-छात्राएं मुख्यमंत्री के समक्ष उत्तराखंड के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, रोजगार, स्वरोजगार, पलायन, पर्यावरण और तकनीकी विकास को लेकर अपनी सोच साझा करेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पहल को और प्रभावी बनाने के लिए वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों और विभिन्न विभागों के प्रमुखों को भी विद्यार्थियों के साथ संवाद करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम से पहले अधिकारी युवाओं के सुझावों और उनके विजन को समझेंगे तथा महत्वपूर्ण बिंदुओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराएंगे।
सरकार की ओर से चयनित 140 विद्यार्थियों को 12वीं के बाद करियर कोचिंग के लिए ₹2 लाख तक की स्कॉलरशिप भी प्रदान की जाएगी। राज्य सरकार का उद्देश्य युवाओं की सोच को नीति निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना और विकसित उत्तराखंड के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रदेश का भविष्य युवाओं के सपनों, नवाचार और सकारात्मक सोच से तय होगा। युवा शक्ति को विकास की मुख्यधारा में शामिल करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।












Leave a Reply