देहरादून: भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को प्रदेशभर के बूथ स्तर पर व्यापक जनसहभागिता के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री के ‘कैच द रैन’ अभियान को जनआंदोलन बनाने तथा वर्षा जल की प्रत्येक बूंद को बचाने का संकल्प लेने की अपील की।
महेंद्र भट्ट ने राजपुर विधानसभा के करनपुर मंडल के बूथ संख्या-75 पर कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुना। इसके बाद उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों को प्रेरित करने और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाने का प्रभावी मंच है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचार समाज को सकारात्मक दिशा देने के साथ हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने एक बार फिर ‘कैच द रैन’ अभियान और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर दिया है। देवभूमि उत्तराखंड के लोगों का प्रकृति से गहरा जुड़ाव रहा है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह वर्षा जल का संरक्षण करे और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधारोपण करे। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और समृद्ध पर्यावरण देना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के आह्वान के अनुरूप खादी, हैंडलूम और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों के उपयोग से न केवल आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती मिलेगी, बल्कि स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्यमियों को भी आर्थिक संबल मिलेगा। साथ ही उन्होंने आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा को पहले से अधिक भव्य और जनभागीदारी वाला बनाने के लिए अभी से तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
इसी क्रम में भाजपा प्रदेश मुख्यालय में भी बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना। इस दौरान प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन तथा चंडी प्रसाद बेलवाल सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने और समाजहित के अभियानों को गति देने का संकल्प भी लिया गया।














Leave a Reply