पटेलनगर कैफे फायरिंग केस का खुलासा, दून पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार

देहरादून पुलिस ने पटेलनगर क्षेत्र स्थित एक कैफे के बाहर हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी देहरादून के निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई 32 बोर की पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि फायरिंग की वजह डेढ़ लाख रुपये के लेन-देन का विवाद था।

पुलिस के अनुसार 19 जुलाई को दून मेडिकल कॉलेज के पास स्थित स्वास्तिक कैफे के बाहर फायरिंग की घटना हुई थी। पीड़ित सन्नी चौधरी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि शुभम और युवराज ने उस पर जानलेवा हमला करते हुए गोली चलाई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान मुख्य आरोपी शुभम पंवार को चंद्रबनी चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में उसके पास से घटना में प्रयुक्त 32 बोर की पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी शुभम पंवार हरिद्वार जिले के झबरेड़ा क्षेत्र का निवासी है। पूछताछ में उसने बताया कि उसका और पीड़ित का करीब 1.5 लाख रुपये का लेन-देन था। दोनों पहले अच्छे दोस्त थे, लेकिन पैसों के विवाद के चलते रिश्तों में खटास आ गई थी।

आरोपी ने बताया कि वह विवाद सुलझाने के लिए पीड़ित से मिलने पहुंचा था, लेकिन कहासुनी के दौरान गुस्से में उसने पिस्टल से फायर कर दिया। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों के हस्तक्षेप से गोली पीड़ित को नहीं लगी और बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे अब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

देहरादून पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!