देहरादून: पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने और मातृशक्ति के सम्मान का संदेश देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी एनजीओ प्रकोष्ठ, उत्तराखंड की ओर से मंगलवार को एमकेपी कॉलेज, देहरादून में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और स्वयंसेवकों ने पौधारोपण कर हरित उत्तराखंड का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” केवल वृक्षारोपण अभियान नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का भावनात्मक संदेश है। उन्होंने कहा कि मां के नाम लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण की नींव बनेगा। उन्होंने सभी लोगों से अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सुशील बहुगुणा ने कहा कि मां हमें जीवन देती हैं और पेड़ जीवन को सुरक्षित रखते हैं। इसलिए यह अभियान प्रकृति और मातृ सम्मान को एक साथ जोड़ने का एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे बड़ा करना और सुरक्षित रखना भी हर नागरिक की जिम्मेदारी है। भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ इस अभियान को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य करेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा देहरादून महानगर के जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में पौधारोपण को अपनाए और उसकी देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सकेगा। वहीं जिला संयोजक नलिनी त्रिखा तनेजा ने कहा कि इस अभियान को देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ सकें।
एमकेपी कॉलेज की प्राचार्य डॉ. ममता सिंह के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश देते हुए पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में जिला सहसंयोजक निशांत गुप्ता, कृष्णा, रेनू जैन, निधि वत्स, देव अरोड़ा, शैली अरोड़ा, सुभाष शर्मा, अनमोल, दिलबाग सिंह, आकाश गुप्ता, नेहा, सागर डंगवाल, अनमोल छेत्री, रीटा जोरावर सहित अनेक कार्यकर्ताओं और सामाजिक सहयोगियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का समापन “एक पेड़—एक संकल्प, हरित उत्तराखंड हमारा लक्ष्य” के संदेश के साथ हुआ।














Leave a Reply