पौड़ी गढ़वाल: हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर विकासखंड स्थित मालाग्राम पहुंचे। यहां उन्होंने सघन पौधरोपण अभियान में भाग लेते हुए पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण तथा हरित उत्तराखंड का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ का विस्तृत भ्रमण किया। उन्होंने यहां संरक्षित दुर्लभ औषधीय पौधों, अनुसंधान गतिविधियों और आयुर्वेद आधारित नवाचारों की जानकारी ली। साथ ही परिसर में स्थित ध्यान कुटी का निरीक्षण कर वहां संचालित विभिन्न गतिविधियों का भी जायजा लिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध जैव विविधता, हिमालयी औषधीय वनस्पतियां और पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान राज्य की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि इन प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और वैज्ञानिक शोध समय की आवश्यकता है। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी, बल्कि औषधीय पौधों के संवर्धन, आयुर्वेद आधारित अनुसंधान और हर्बल पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित करेंगे। राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ औषधीय पौधों के संरक्षण और आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिससे उत्तराखंड को हर्बल और प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में नई पहचान मिल सके।
मालाग्राम स्थित ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ को देश के अनूठे हर्बल पार्कों में शामिल किया जाता है। यहां देश के विभिन्न राज्यों और हिमालयी क्षेत्रों से लाई गई दुर्लभ जड़ी-बूटियों एवं औषधीय पौधों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण और संवर्धन किया जा रहा है। यह केंद्र पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों और आधुनिक शोध के समन्वय का महत्वपूर्ण संस्थान बनकर उभर रहा है।
कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।















Leave a Reply