देहरादून: सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वारा” कार्यक्रम के तहत राजकीय इंटर कॉलेज क्यूंजा में छात्र-छात्राओं के लिए करियर मार्गदर्शन एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, अध्ययन की प्रभावी रणनीतियों और कौशल विकास से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों का वृत्तिक (करियर) मार्गदर्शन भी किया गया, ताकि वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप भविष्य की सही दिशा का चयन कर सकें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं रोजगार योजना की भी विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को योजना के उद्देश्य, आवेदन प्रक्रिया, प्रशिक्षण की सुविधाओं और रोजगार से जुड़ी संभावनाओं के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने युवाओं से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर अपने कौशल को विकसित करने का आह्वान किया।
छात्र-छात्राओं को इंटरमीडिएट के बाद उपलब्ध करियर विकल्पों की भी जानकारी दी गई। उन्हें भारतीय सेना, मर्चेंट नेवी, पुलिस सहित विभिन्न सरकारी विभागों में भर्ती प्रक्रिया, पात्रता, चयन प्रक्रिया और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और विशेषज्ञों से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में कुल 61 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। इस दौरान जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चमोली, किशन रावत सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने और उपलब्ध अवसरों का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।














Leave a Reply