जाख डाकघर में खातों से अवैध निकासी का खुलासा, जांच में दो खातों में गड़बड़ी की पुष्टि

पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड खिर्सू स्थित जाख शाखा डाकघर में खाताधारकों के खातों से कथित अवैध निकासी का मामला सामने आने के बाद विभागीय जांच तेज हो गई है। शुरुआती जांच में दो खातों से अनियमित तरीके से धन निकाले जाने की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य खातों के लेनदेन की जांच अभी जारी है। मामले के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है।

शिकायतों के आधार पर पौड़ी डाक विभाग की जांच टीम ने शाखा डाकघर पहुंचकर जमा-निकासी रजिस्टर, लेनदेन रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेजों की जांच की। प्रारंभिक जांच में दो खातों में वित्तीय अनियमितताएं मिली हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी खातों का मिलान पूरा होने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि शाखा पोस्ट मास्टर और सहायक शाखा पोस्ट मास्टर ने खाताधारकों की जानकारी के बिना उनके खातों से पैसे निकाल लिए। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों कर्मचारी पिछले कई महीनों से नियमित रूप से डाकघर भी नहीं आ रहे थे, जिससे लोगों को जरूरी सेवाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा था।

क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरजीत बिष्ट ने बताया कि रामेश्वरी देवी और मुन्नी देवी के खातों से क्रमशः 80 हजार और एक लाख रुपये की कथित अवैध निकासी की शिकायत दर्ज कराई गई है। दोनों पीड़ितों ने जिला डाक अधीक्षक को लिखित शिकायत भी सौंपी है।

डाकघर अधीक्षक विपिन भट्ट ने बताया कि दोनों कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और प्रभावित खाताधारकों की धनराशि वापस दिलाने के लिए विभाग आवश्यक कदम उठाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!