देहरादून: भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित 22 प्रकोष्ठों की महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की क्षमता, अनुभव और सेवा भाव ने भाजपा को अन्य राजनीतिक दलों के मुकाबले अजेय बनाया है। अब पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों की जिम्मेदारी है कि वे सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाएं, ताकि पार्टी की जीत को और अधिक प्रचंड बनाया जा सके।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भाजपा राजनीति को सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं बल्कि सेवा का माध्यम मानती है। यही कारण है कि पार्टी में चिकित्सा, सहकारिता, पर्यटन, आपदा प्रबंधन, स्वयं सहायता समूह और अन्य क्षेत्रों से जुड़े प्रकोष्ठ सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा वर्ष के 365 दिन समाज के बीच रहकर कार्य करती है, जबकि अन्य दल केवल चुनाव के समय जनता के बीच दिखाई देते हैं।
बैठक में मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड एक संवेदनशील हिमालयी राज्य है, जहां प्राकृतिक आपदाएं अक्सर चुनौती बनकर सामने आती हैं। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं को ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षित युवाओं की टीमें तैयार करनी चाहिए, जो आपदा के समय ‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर’ के रूप में सबसे पहले राहत और बचाव कार्यों में जुट सकें। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हर संकट में जनता के साथ खड़े रहने की पहचान रखते हैं और इस विश्वास को और मजबूत करना होगा।
महिला सशक्तिकरण को लेकर मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूह प्रकोष्ठ की जिम्मेदारियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की हजारों महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लखपति दीदी’ अभियान को सफल बनाने में पार्टी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने प्रकोष्ठ पदाधिकारियों से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं तक पहुंच बढ़ाने और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री धामी ने पर्यटन गतिविधि प्रकोष्ठ को भी अहम बताते हुए कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में पर्यटन की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में विकसित किया जा रहा है। चारधाम यात्रा और आदि कैलाश जैसे क्षेत्रों में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या राज्य में पर्यटन विकास का प्रमाण है। ऐसे में प्रकोष्ठों को स्थानीय युवाओं को पर्यटन से जुड़े अवसरों और सरकार की पहल की जानकारी देनी चाहिए।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता जमीन पर उतरकर जनता की सेवा करते हैं, जबकि विपक्ष केवल सोशल मीडिया और बयानबाजी तक सीमित है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के एजेंडे पर कार्य कर रही है तथा समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जैसे फैसलों से जनता का विश्वास मजबूत हुआ है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी के प्रकोष्ठ संगठन की बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों तक सरकार की योजनाओं और पार्टी की विचारधारा को पहुंचाने में प्रकोष्ठों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों को मंडल स्तर तक अपनी टीमों का गठन जल्द पूरा करने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कुस्तुभानंद जोशी सहित सभी 22 प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक एवं सह-संयोजक मौजूद रहे।














Leave a Reply