देहरादून: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरिद्वार बाईपास रोड स्थित एक निजी होटल में आयोजित अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने प्रसिद्ध अभिनेता श्री राकेश बेदी को अमर उजाला लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया तथा “अमर उजाला उत्तराखंड एचीवर्स विशेषांक” का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार “विरासत और विकास” के संतुलन के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में पहली बार ग्रॉस एनवायरनमेंट प्रोडक्ट (GEP) के आकलन की व्यवस्था शुरू की गई है, जिससे पर्यावरण संरक्षण को विकास नीति से जोड़ा जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इकोलॉजी, इकोनॉमी और टेक्नोलॉजी के समन्वय के साथ विकास मॉडल को आगे बढ़ा रही है। राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं तैयार की जा रही हैं, ताकि भविष्य की जरूरतों को संतुलित रूप से पूरा किया जा सके।
चारधाम यात्रा और पर्यटन विकास पर सरकार का फोकस: 40 लाख श्रद्धालुओं ने किया दर्शन
मुख्यमंत्री धामी ने चारधाम यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल यात्रा नहीं बल्कि आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में भव्य पुनर्निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही ऑल वेदर रोड परियोजना ने यात्रा को पहले से अधिक सुगम बनाया है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार हर वर्ष यात्रा समाप्त होते ही अगले वर्ष की तैयारियों में जुट जाती है। इस वर्ष 19 अप्रैल से शुरू हुई चारधाम यात्रा में अब तक 40 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि सीमांत क्षेत्रों में स्थित आदि कैलाश यात्रा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जहां पहले केवल 400–500 यात्री पहुंचते थे, वहीं इस वर्ष यह संख्या बढ़कर लगभग 45 हजार हो गई है। इसके साथ ही शीतकालीन यात्रा भी अब तेजी से लोकप्रिय हो रही है।
अवैध अतिक्रमण और समान नागरिक संहिता पर मुख्यमंत्री का बड़ा बयान
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के मूल स्वरूप को बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई राजस्व अभिलेखों के आधार पर लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और संरक्षित उत्तराखंड बनाना सरकार की जिम्मेदारी है। देवभूमि की आस्था और संस्कृति से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
समान नागरिक संहिता (UCC) पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। 2022 के चुनाव में किए गए वादे के अनुसार उत्तराखंड में यूसीसी लागू किया गया है और अन्य राज्य भी इसे अपनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
रोजगार, नकल विरोधी कानून और स्वरोजगार योजनाओं पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि पिछले चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जो पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिससे युवाओं का भरोसा मजबूत हुआ है।
उन्होंने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और होमस्टे योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और राज्य के विकास में उनका निरंतर सहयोग मिल रहा है।














Leave a Reply