उत्तराखंड एसटीएफ ने देश विरोधी और कट्टरपंथी गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उधम सिंह नगर के गदरपुर निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ का दावा है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ने और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में टेलीग्राम और सिग्नल जैसे प्लेटफॉर्म पर कई संदिग्ध चैट, समूह और राष्ट्रविरोधी सामग्री मिली है। जांच के दौरान हथियारों और विस्फोटक सामग्री से जुड़ी बातचीत के भी संकेत मिलने का दावा किया गया है। एसटीएफ ने आरोपी की निशानदेही पर एक अंग्रेजी पिस्तौल, पांच कारतूस, चार डेटोनेटर और दो एके-47 के कारतूस बरामद करने की बात कही है।
एसटीएफ के मुताबिक प्रारंभिक जांच में आरोपी के कुछ अंतरराज्यीय और संभावित अंतरराष्ट्रीय संपर्कों के संकेत भी मिले हैं, जिनकी विस्तृत जांच की जा रही है। मामले में उत्तर प्रदेश के रामपुर से जुड़े एक व्यक्ति की भूमिका भी जांच के दायरे में है और एसटीएफ की टीम ने उत्तर प्रदेश में भी दबिश दी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसटीएफ और अन्य अभिसूचना एजेंसियां मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही हैं।
मुख्यमंत्री के अपराध मुक्त उत्तराखंड विजन और पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के तहत एसटीएफ राज्य में सामाजिक सौहार्द, राष्ट्रीय एकता और सुरक्षा को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। एसटीएफ ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में संलिप्तता की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।














Leave a Reply