देहरादून: सेलाकुई की डिक्सन फैक्ट्री में श्रमिक प्रदर्शन के दौरान हुए हंगामे और पथराव मामले में दून police ने बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कार्रवाई करते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन लोगों ने प्रदर्शन की आड़ में माहौल बिगाड़ने की कोशिश की।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार को फैक्ट्री में वेतन और अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन चल रहा था। इसी दौरान कुछ शरारती तत्वों ने पुलिस टीम और फैक्ट्री परिसर पर पथराव कर दिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद थाना सेलाकुई में मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी Ajai Singh के निर्देश पर उपद्रवियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि ये लोग श्रमिकों को भड़काने और काम पर जा रहे कर्मचारियों को रोकने का प्रयास कर रहे थे।
दून पुलिस ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है।















Leave a Reply