देहरादून पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ठग गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है, जो खुद को राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी का निजी सचिव बताकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करता था। आरोपी पर देश के कई राज्यों में राजनीतिक नेताओं और जनप्रतिनिधियों को निशाना बनाने के गंभीर आरोप हैं।
महिला जनप्रतिनिधि से 25 लाख की ठगी का मामला
थाना राजपुर क्षेत्र में दर्ज शिकायत के अनुसार, भावना पांडे ने 3 मई को पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि कनिष्क सिंह नामक व्यक्ति ने स्वयं को एक राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी का निजी सचिव बताया और उन्हें उत्तराखंड में सर्वे व पार्टी में महत्वपूर्ण पद दिलाने का झांसा दिया।
आरोपी ने इसके बदले 25 लाख रुपये की मांग की थी। 13 अप्रैल को उसके एक साथी को राजपुर रोड स्थित आवास पर भेजा गया, जहां पीड़िता से 25 लाख रुपये ले लिए गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, जाखन से गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी जाखन क्षेत्र में एक राजनीतिक पदाधिकारी से पैसे लेने आने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अमृतसर, पंजाब निवासी आरोपी कनिष्क उर्फ गौरव कुमार को जाखन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
कई राज्यों में फैला ठगी का नेटवर्क
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी का ठगी का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ है।
- वर्ष 2017 में जयपुर (राजस्थान) में दो नेताओं से विधायक टिकट दिलाने के नाम पर ₹1.90 करोड़ और ₹12 लाख की ठगी
- वर्ष 2025 में पटना (बिहार) में एक नेता से पार्टी में पद दिलाने के नाम पर ₹3 लाख की ठगी
- अन्य राज्यों में भी इसी तरह राजनीतिक संपर्कों का फायदा उठाकर ठगी की घटनाएं
पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
पुलिस जांच जारी
देहरादून पुलिस का कहना है कि आरोपी से जुड़े अन्य मामलों की भी गहन जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।
















Leave a Reply