देहरादून में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने वीकेंड पर “ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक” के तहत बड़ा अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के नेतृत्व में देर रात तक शहरभर में सघन चेकिंग और कार्रवाई की गई।
यह अभियान राज्य में चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के निर्देशों के तहत संचालित किया गया, जिसमें सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए औचक छापेमारी और जांच की।
देर रात खुली दुकानों पर कार्रवाई
चेकिंग के दौरान कोतवाली क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट और डालनवाला क्षेत्र में Dynasty क्लब 90 बार निर्धारित समय के बाद भी खुले पाए गए। पुलिस ने दोनों प्रतिष्ठानों को तत्काल बंद कराया और संचालकों व स्टाफ को थाने लाकर उनके खिलाफ पुलिस एक्ट में चालानी कार्रवाई की। साथ ही भविष्य के लिए सख्त चेतावनी भी दी गई।
ड्रंक एंड ड्राइव पर कड़ी कार्रवाई
अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 35 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, यातायात नियमों के उल्लंघन पर 91 वाहन चालकों के चालान किए गए, जिनसे करीब 68,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
इसके अलावा, 40 वाहन चालकों के चालान न्यायालय भेजे गए और 38 वाहनों को सीज किया गया।
संदिग्धों पर पुलिस की नजर
देर रात सड़कों पर घूम रहे 600 से अधिक लोगों की जांच की गई। पुलिस ने मौके पर ही पूछताछ और सत्यापन की कार्रवाई की। इस दौरान 75 संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट में 81 चालान कर 18,750 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
साथ ही, 18 संदिग्ध व्यक्तियों को बीएनएसएस की धारा 172 के तहत हिरासत में लेकर थानों में लाया गया।
लगातार जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
















Leave a Reply