देहरादून: उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रविवार को गढ़वाल मंडल के 69 नव चयनित सहायक अध्यापक (एलटी) (विशेष शिक्षा) को नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि इन शिक्षकों की नियुक्ति से प्रदेश में समावेशी शिक्षा को मजबूती मिलेगी और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध होगा।
श्रीनगर में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) के माध्यम से चयनित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इनमें पौड़ी में 21, टिहरी में 17, चमोली और देहरादून में 9-9, उत्तरकाशी में 8, रुद्रप्रयाग में 4 तथा हरिद्वार में 1 शिक्षक शामिल हैं।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माण भी करते हैं। उन्होंने नवनियुक्त शिक्षकों से संवेदनशीलता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और समावेशी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। विद्यालयों के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, डिजिटल शिक्षा, शिक्षक प्रशिक्षण, कौशल विकास और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
शिक्षा मंत्री ने विश्वास जताया कि नव नियुक्त विशेष शिक्षक दिव्यांग एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हुए उत्तराखंड की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाएंगे।
कार्यक्रम में विद्यालयी शिक्षा विभाग के मंडल स्तरीय अधिकारी, नव नियुक्त शिक्षक एवं उनके परिजन भी उपस्थित रहे।















Leave a Reply