देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने नंदा गौरा योजना के तहत एक बार फिर हजारों बालिकाओं को बड़ी राहत दी है। गुरुवार को हरिद्वार और उत्तरकाशी जनपद की कुल 4098 पात्र बालिकाओं को योजना का लाभ प्रदान किया गया।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने यमुना कॉलोनी स्थित कैंप कार्यालय से डीबीटी के माध्यम से करीब 19.23 करोड़ रुपये की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की।
मंत्री ने बताया कि वर्ष 2025-26 में पहले ही 33,251 पात्र बालिकाओं को योजना का लाभ दिया जा चुका था, लेकिन कुछ लाभार्थियों की औपचारिकताएं और जिला स्तरीय अनुमोदन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई थी। इसी कारण वे समय पर लाभ से वंचित रह गई थीं।
सभी प्रक्रियाएं पूर्ण होने के बाद अब इन शेष बालिकाओं को भी योजना का लाभ दिया गया है, जिससे उन्हें शिक्षा और आगे की पढ़ाई में सहायता मिल सकेगी।
रेखा आर्या ने कहा कि राज्य सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि कोई भी पात्र बेटी सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि नंदा गौरा योजना बेटियों की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य के लिए एक मजबूत आधार प्रदान कर रही है।
आंकड़ों के अनुसार, लाभ प्राप्त करने वाली बालिकाओं में 417 नवजात सहायता पाने वाली बालिकाएं और 3681 वे बालिकाएं शामिल हैं जिन्होंने 12वीं पास कर स्नातक में प्रवेश लिया है।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2017-18 से 2025-26 तक इस योजना के तहत कुल 4,11,035 बालिकाओं को लगभग 1314 करोड़ रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जा चुकी है।














Leave a Reply