भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा सख्त, अस्कोट में पुलिस और एसएसबी का संयुक्त अभियान

भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पिथौरागढ़ जिले के अस्कोट क्षेत्र में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) द्वारा संयुक्त गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

थानाध्यक्ष अस्कोट सुरेश कम्बोज के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा को प्रभावी बनाना और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखना है।

अभियान के दौरान सीमा क्षेत्र में आने-जाने वाले व्यक्तियों की गहन जांच की गई। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया।

संयुक्त टीम ने सीमावर्ती गांवों का दौरा कर स्थानीय लोगों से संवाद भी किया। इस दौरान नागरिकों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए अपील की गई कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

पिथौरागढ़ पुलिस और एसएसबी द्वारा अंतरराष्ट्रीय सीमा पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!