विकास योजनाओं को मिली रफ्तार: मुख्यमंत्री ने ₹16 करोड़ से अधिक की वित्तीय स्वीकृतियां दीं

पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विकास कार्यों और राहत योजनाओं को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की हैं। इन फैसलों से आपदा प्रभावित परिवारों को राहत मिलने के साथ-साथ बुनियादी ढांचे के विकास को भी मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने 5 अगस्त 2025 को यमुना नदी के जल स्तर में आंशिक अवरोध के कारण ग्राम कुन्शाला (स्यानाचट्टी) में बनी झील से प्रभावित 19 होटल एवं भवन स्वामियों को मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹61.09 लाख की सहायता राशि स्वीकृत की है।

इसके अलावा, टिहरी गढ़वाल जिले की धनोल्टी, टिहरी, प्रतापनगर, जाखणीधार और मदननेगी तहसीलों के उन परिवारों को भी राहत दी गई है, जो अतिवृष्टि और भूस्खलन के कारण किराये के मकानों में रह रहे हैं। इन परिवारों को 6 माह तक ₹4,000 प्रति माह की दर से कुल ₹19.28 लाख की सहायता प्रदान करने को मंजूरी दी गई है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रावधान के तहत मुख्यमंत्री ने सभी जनपदों के लिए अनटाइड फंड के रूप में ₹13 करोड़ की राशि जारी करने का भी अनुमोदन दिया है, जिससे स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को तेजी मिलेगी।

इसी क्रम में देहरादून के पित्थूवाला क्षेत्र स्थित श्रद्धा एन्कलेव में सीवर लाइन बदलने और संधू एन्कलेव व प्रियदर्शिनी एन्कलेव में एसपीएस (सीवेज पंपिंग स्टेशन) निर्माण के लिए ₹2.43 करोड़ की परियोजना को भी मंजूरी दी गई है।

शहीद के नाम पर संस्थान का नामकरण
मुख्यमंत्री ने एक अहम निर्णय लेते हुए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, खेतीखान का नाम शहीद लांसनायक रेवाधर के नाम पर रखने की स्वीकृति भी दी है। अब यह संस्थान “शहीद रेवाधर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, खेतीखान” के नाम से जाना जाएगा।

इन निर्णयों को राज्य के विकास और आपदा प्रबंधन के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!