हरिद्वार में दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात, बाइक मैकेनिक की गोली मारकर हत्या
हरिद्वार। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के शांतरशाह गांव में सोमवार देर शाम एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। बाइक मैकेनिक हैप्पी की उसकी दुकान पर ही गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, हैप्पी अपनी बाइक रिपेयरिंग की दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और अचानक उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। कई गोलियां लगने से हैप्पी गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।
फायरिंग से इलाके में मचा हड़कंप
घटना के दौरान लगातार गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाल रही टीम
सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और बहादराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
जिलेभर में चेकिंग अभियान
हत्या की वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। प्रमुख मार्गों, हाईवे और संदिग्ध स्थानों पर वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश भी दे रही हैं।
हत्या की वजह अभी साफ नहीं
फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मृतक के परिजनों, दोस्तों और परिचितों से पूछताछ कर रही है ताकि किसी पुरानी रंजिश या अन्य कारणों का पता लगाया जा सके।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद हत्या के कारणों का खुलासा किया जाएगा।












Leave a Reply