रुद्रप्रयाग: विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा, डीएम ने राजनीतिक दलों से मांगा सहयोग…..

रुद्रप्रयाग

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत रुद्रप्रयाग में मतदाता सूची को अद्यतन करने का कार्य जारी है। बुधवार को अगस्त्यमुनि स्थित बहुद्देशीय क्रीड़ा भवन में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों और बूथ लेवल एजेंट (BLA) के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में दावे एवं आपत्तियों की प्रगति, नोटिस वितरण, सुनवाई प्रक्रिया और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाना निर्वाचन आयोग की प्राथमिकता है।

उन्होंने राजनीतिक दलों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने और पात्र मतदाताओं को समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करने के लिए प्रेरित करने की अपील की। अधिकारियों ने फार्म-6, फार्म-7 सहित अन्य प्रपत्रों और सुनवाई प्रक्रिया की भी जानकारी दी।

बैठक के बाद जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने प्राथमिक विद्यालय चमेली स्थित मतदान केंद्र संख्या-136 का निरीक्षण कर नोटिस वितरण और सुनवाई कार्य का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी मामलों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!