रुड़की। श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है। शिवभक्तों की सुविधा, सुरक्षा और सेवा के लिए प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है। इसी क्रम में रुड़की के गणेशपुर पुल टैंक चौक पर पुलिस अधिकारियों ने नहर पटरी से गुजर रहे कांवड़ियों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया तथा उन्हें सूक्ष्म जलपान भी वितरित किया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने श्रद्धालुओं का अभिनंदन करते हुए उनकी सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। पुलिस की इस पहल का कांवड़ियों ने भी स्वागत किया। भोलेनाथ के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण हरिद्वार शेखर चंद्र सुयाल, पुलिस अधीक्षक काशीपुर एवं सुपर जोनल पुलिस अधिकारी स्वप्न किशोर सिंह, पुलिस उपाधीक्षक रुड़की ओशिन जोशी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और विशेष पुलिस अधिकारियों ने भी श्रद्धालुओं को जलपान वितरित कर सेवा कार्य में भागीदारी निभाई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा यात्रा के दौरान उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
रुड़की में कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ पुलिस का सेवा भाव भी देखने को मिल रहा है, जिसकी श्रद्धालुओं ने सराहना की।
















Leave a Reply