देहरादून: जिले में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान स्वयं फील्ड में पहुंचे। उन्होंने अजबपुर कलां क्षेत्र का दौरा कर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर नोटिस वितरित करने की प्रक्रिया का निरीक्षण किया और अभियान की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ से पुनरीक्षण कार्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की और निर्देश दिए कि प्रत्येक अधिकारी निर्धारित प्रक्रिया का पूरी गंभीरता से पालन करे। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए और सभी रिकॉर्ड सही एवं अद्यतन होने चाहिए।
डॉ. चौहान ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सभी बीएलओ को आवश्यक फ्लोचार्ट और चेकलिस्ट उपलब्ध कराई जाए, ताकि कार्य में एकरूपता और पारदर्शिता बनी रहे।
जिला प्रशासन के अनुसार, देहरादून में अब तक 11 लाख 90 हजार से अधिक मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है। वहीं, मतदाता विवरण में विसंगति पाए जाने पर करीब 5 लाख 47 हजार मतदाताओं को घर-घर जाकर नोटिस दिए जा रहे हैं। इन नोटिसों के माध्यम से मतदाताओं को अपने नाम, पते और अन्य विवरण समय रहते संशोधित कराने का अवसर दिया जा रहा है।
जिला प्रशासन का कहना है कि इस विशेष पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि आगामी चुनावों के दौरान प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का सहजता से उपयोग कर सके।














Leave a Reply