देहरादून: नंदा की चौकी स्थित नवनिर्मित पुल को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही विभिन्न चर्चाओं के बीच लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि पुल पूरी तरह सुरक्षित है और उसकी संरचना को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचा है।
विभाग के अनुसार, लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पुल की एप्रोच रोड का एक हिस्सा धंस गया था, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि, पुल की मुख्य संरचना पूरी तरह सुरक्षित है और उसमें किसी तरह की तकनीकी खराबी नहीं पाई गई है।
लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि प्रभावित स्थान पर युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य जारी है। विभाग की टीमें लगातार मौके पर काम कर रही हैं और जल्द ही यातायात को पूरी तरह सामान्य कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि घटना के कारणों की विस्तृत जांच के लिए मुख्य अभियंता को मौके पर भेजा गया है। यदि जांच में किसी अधिकारी, अभियंता या ठेकेदार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सचिव ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेश में कहीं भी नई सड़क, पुल या अन्य निर्माण कार्य समय से पहले क्षतिग्रस्त होने की शिकायत मिलने पर उसकी जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों या ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने प्रदेशभर में सड़क संपर्क बनाए रखने के लिए अपनी टीमों को अलर्ट पर रखा है। विभाग का लक्ष्य बंद सड़कों को 24 घंटे के भीतर खोलकर आम लोगों की आवाजाही जल्द से जल्द बहाल करना है।














Leave a Reply