देहरादून: देहरादून जिला प्रशासन ने समाधान दिवस के तहत जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जिला प्रशासन कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान समाधान दिवस और जनसुनवाई की प्रगति की जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस बार 164 से 170 शिकायतों को चिन्हित कर उनके समाधान की प्रक्रिया शुरू की गई।
डीएम डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि इस बार प्राप्त शिकायतों के विश्लेषण में एक सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। पहले की तुलना में भूमि विवाद और सीमांकन (बाउंड्री डिस्प्यूट) से जुड़ी शिकायतों में कमी आई है, जबकि अन्य नागरिक समस्याओं से संबंधित शिकायतें अधिक संख्या में सामने आई हैं।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन लगातार शिकायतों के प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण के लिए कार्य कर रहा है। आने वाले समय में GIS (जियोग्राफिक इंफॉर्मेशन सिस्टम) मैपिंग की प्रक्रिया पूरी तरह लागू होने के बाद भूमि और संपत्ति से जुड़े मामलों का समाधान अधिक तेज, पारदर्शी और सटीक तरीके से किया जा सकेगा। इससे सीमांकन और स्वामित्व से जुड़े विवादों में भी उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायतें दर्ज करना नहीं, बल्कि उनका गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। इसी दिशा में जिला प्रशासन लगातार नई तकनीकों और प्रभावी व्यवस्था के माध्यम से जनसेवा को और बेहतर बनाने का प्रयास कर रहा है।















Leave a Reply