मसूरी की सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

मसूरी विधानसभा क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और विकास कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को अपने कैंप कार्यालय में नगर निगम, एडीबी और विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत खराब हो चुकी सड़कों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में सड़कें खराब होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, इसलिए सभी आवश्यक कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं।

कैबिनेट मंत्री ने सड़कों की मरम्मत से जुड़े लंबित इस्टीमेट जल्द स्वीकृत कराने और बिना देरी के निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम, एडीबी और विद्युत विभाग के अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा, ताकि विकास परियोजनाओं में किसी तरह की रुकावट न आए।

बैठक में बिजली व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। मंत्री गणेश जोशी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को पुराने और जर्जर बिजली के पोल प्राथमिकता के आधार पर बदलने तथा ढीले और लटकते बिजली के तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।

मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें ताकि विकास कार्यों को गति मिले और जनता को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जा सकें। बैठक में नंदनी शर्मा, सुरेंद्र राणा, मोहन बहुगुणा, प्रदीप रावत, भावना चौधरी, योगेश घाघट, संजय नौटियाल, सहायक नगर आयुक्त विनय प्रताप, अधीक्षण अभियंता विद्युत राहुल जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!