रुड़की: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार शाम रुड़की में जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) ने मशाल जुलूस निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। बीएसएम चौक से शुरू हुआ यह जुलूस चंद्रशेखर चौक तक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने छात्रों के समर्थन में नारे लगाए।
प्रदर्शन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आज़ाद अली, राष्ट्रीय महासचिव हेमा भंडारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में मशाल और बैनर लिए प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कथित पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष आज़ाद अली ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। उनका आरोप था कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
राष्ट्रीय महासचिव हेमा भंडारी ने कहा कि महिला प्रदर्शनकारियों के साथ कथित अभद्रता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन के अंत में पार्टी नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आने वाले समय में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
















Leave a Reply