बॉलीवुड अभिनेता अमन वर्मा ने शुक्रवार को देहरादून स्थित उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद (UFDC) के कार्यालय में परिषद के नोडल अधिकारी के.एस. चौहान से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने उत्तराखण्ड की फिल्म नीति, शूटिंग सुविधाओं और फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी ली। मुलाकात के दौरान के.एस. चौहान ने अमन वर्मा का स्वागत करते हुए उन्हें जागेश्वर मंदिर का प्रतीक चिह्न भेंट किया।
बैठक के दौरान अमन वर्मा ने उत्तराखण्ड की नई फिल्म नीति की सराहना करते हुए कहा कि राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, पहाड़, जंगल, नदियां और ऐतिहासिक स्थल फिल्म शूटिंग के लिए बेहद उपयुक्त हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की लोकेशन फिल्म निर्माताओं को आकर्षित करने की क्षमता रखती हैं और वे जल्द ही यहां किसी फिल्म की शूटिंग की संभावनाओं पर विचार करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि उनका नाटक “किस्मत पैलेस” 26 जुलाई 2026 को शाम 7 बजे देहरादून के हिमालयन कल्चरल सेंटर, नींबूवाला में मंचित किया जाएगा।
उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद के नोडल अधिकारी के.एस. चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने फिल्म शूटिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आकर्षक फिल्म नीति लागू की है। इसके तहत उत्तराखण्ड में फिल्माई जाने वाली हिंदी और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों को 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। इसके अलावा वेब सीरीज और विदेशी फिल्मों को भी प्रोत्साहन योजना के दायरे में शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि फिल्म निर्माताओं की सुविधा के लिए शूटिंग अनुमति की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन कर दी गई है। सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से केवल सात दिनों के भीतर अनुमति उपलब्ध कराई जा रही है। इतना ही नहीं, प्रदेश में शूटिंग शुल्क भी समाप्त कर दिया गया है। साथ ही शूटिंग के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और जीएमवीएन तथा केएमवीएन के गेस्ट हाउसों में विशेष छूट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
के.एस. चौहान ने कहा कि उत्तराखण्ड में हर वर्ष 200 से अधिक फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी सीरियल की शूटिंग हो रही है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार की नई नीतियों और बेहतर सुविधाओं के चलते उत्तराखण्ड आने वाले समय में देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद बनकर एक प्रमुख फिल्म शूटिंग हब के रूप में अपनी पहचान मजबूत करेगा।
















Leave a Reply