टिहरी मेडिकल कॉलेज को लेकर सरकार ने तेज की तैयारी, स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

उत्तराखंड सरकार ने प्रस्तावित टिहरी मेडिकल कॉलेज के निर्माण की दिशा में तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को सचिवालय में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर मेडिकल कॉलेज की स्थापना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में भूमि चयन, निर्माण की रूपरेखा और परियोजना को जल्द शुरू करने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण ऐसे स्थान पर किया जाएगा, जहां से अधिक से अधिक लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि इस संस्थान की स्थापना से टिहरी जनपद के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा और प्रदेश का स्वास्थ्य ढांचा पहले से अधिक मजबूत बनेगा।

उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज बनने से दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। साथ ही चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। सरकार का लक्ष्य मेडिकल कॉलेज को आधुनिक सुविधाओं और बेहतर बुनियादी ढांचे के साथ मास्टर प्लान के तहत विकसित करना है।

बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना उत्तराखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी और भविष्य में चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता को नई दिशा देगी।

बैठक में सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पांडे ने जिलाधिकारी टिहरी को निर्देश दिए कि चयनित भूमि से संबंधित प्रस्ताव जल्द से जल्द शासन को भेजा जाए, ताकि परियोजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की देरी न हो। इस अवसर पर अपर सचिव रोहित मीणा भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!