एलआईयू निरीक्षक मनोज मनराल का हृदयाघात से निधन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी श्रद्धांजलि

देहरादून में तैनात एलआईयू (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट) के निरीक्षक मनोज मनराल का हृदयाघात के कारण आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग और प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस लाइन देहरादून में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निरीक्षक मनोज मनराल के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने पुलिस लाइन पहुंचकर दिवंगत अधिकारी को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके प्रति अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मनोज मनराल का निधन पुलिस विभाग के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदना के साथ शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।

वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने भी निरीक्षक मनोज मनराल के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मनोज मनराल अपने सौम्य और शालीन व्यवहार, कर्तव्यनिष्ठा तथा ईमानदार कार्यशैली के लिए पुलिस विभाग में विशेष पहचान रखते थे। उनके निधन से विभाग ने एक समर्पित और जिम्मेदार अधिकारी को खो दिया है।

मूल रूप से जनपद अल्मोड़ा के निवासी मनोज मनराल वर्ष 2002 में उपनिरीक्षक (एलआईयू) के पद पर पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने के बाद उन्हें अक्टूबर 2025 में देहरादून में एलआईयू निरीक्षक के पद पर तैनात किया गया था। अपने शांत स्वभाव और कर्तव्य के प्रति समर्पण के कारण वे सहकर्मियों और वरिष्ठ अधिकारियों के बीच काफी सम्मानित थे।

पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!