उत्तराखंड के रामनगर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक को कोबरा सांप ने काट लिया, लेकिन घबराने के बजाय उसने पहले सांप को सुरक्षित तरीके से डिब्बे में बंद किया और फिर उसी जिंदा कोबरा को साथ लेकर सरकारी अस्पताल पहुंच गया। अस्पताल में जब डॉक्टरों और वहां मौजूद लोगों ने डिब्बे में बंद कोबरा देखा तो हर कोई कुछ पल के लिए हैरान रह गया। फिलहाल युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद निवासी अरुण कुमार पिछले चार-पांच वर्षों से रामनगर में अपनी पत्नी के साथ किराये के मकान में रह रहे हैं। वह पेशे से टाइल्स लगाने का काम करते हैं। इसके साथ ही जरूरत पड़ने पर इलाके में निकलने वाले सांपों का रेस्क्यू भी करते हैं। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे उन्हें सूचना मिली कि गुमानपुर क्षेत्र में नितिन कुमार के घर के भीतर एक कोबरा घुस आया है। सूचना मिलते ही अरुण मौके पर पहुंचे और सांप को सुरक्षित पकड़ने का प्रयास शुरू किया।
रेस्क्यू के दौरान जब अरुण कोबरा को डिब्बे में बंद कर रहे थे, तभी सांप ने उनकी हाथ की इंडेक्स फिंगर पर काट लिया। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। पहले कोबरा को पूरी तरह सुरक्षित डिब्बे में बंद किया और फिर उसी डिब्बे के साथ सीधे रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंच गए। अस्पताल में मरीज के साथ जिंदा कोबरा को देखकर डॉक्टरों, अस्पताल कर्मियों और अन्य लोगों के बीच कौतूहल का माहौल बन गया।
अरुण कुमार ने बताया कि उन्हें सुबह सांप निकलने की सूचना मिली थी, जिसके बाद वह रेस्क्यू के लिए पहुंचे। सांप को पकड़कर डिब्बे में बंद करने के दौरान कोबरा ने उनकी उंगली पर काट लिया। उन्होंने बताया कि घबराने के बजाय उन्होंने पहले सांप को सुरक्षित किया और फिर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे, ताकि डॉक्टरों को भी यह स्पष्ट हो सके कि किस प्रजाति के सांप ने उन्हें काटा है।
सरकारी चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. तौहीद ने बताया कि मरीज के हाथ की इंडेक्स फिंगर पर सांप के काटने के निशान मिले हैं। अस्पताल में उसका तत्काल उपचार शुरू कर दिया गया है और मेडिकल टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है। डॉक्टरों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंचने से इलाज शुरू करने में आसानी हुई।
रामनगर में यह पूरा घटनाक्रम अब चर्चा का विषय बना हुआ है। कोबरा के काटने के बाद उसी सांप को डिब्बे में बंद कर अस्पताल पहुंचने की घटना ने सभी को हैरान कर दिया। स्थानीय लोग अरुण कुमार की हिम्मत और सूझबूझ की चर्चा कर रहे हैं, जबकि चिकित्सक लोगों से अपील कर रहे हैं कि सांप के काटने पर बिना देरी किए तुरंत अस्पताल पहुंचें और किसी भी तरह के घरेलू उपचार पर भरोसा न करें।














Leave a Reply