सीएम धामी ने पेपर लीक मामलों में फास्ट ट्रैक कोर्ट के फैसले का किया स्वागत

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पेपर लीक मामलों में दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णय का स्वागत किया है। मुख्यमंत्री ने इसे देश के लाखों युवाओं के हितों की रक्षा और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक कदम बताया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र वर्षों तक कड़ी मेहनत करते हैं। ऐसे में पेपर लीक जैसी घटनाएं न केवल उनकी मेहनत पर पानी फेरती हैं, बल्कि पूरी परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का यह फैसला युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन से पेपर लीक से जुड़े मामलों की सुनवाई में तेजी आएगी। इससे दोषियों को समयबद्ध और कड़ी सजा मिलेगी, जिससे ऐसे अपराध करने वालों में कानून का डर बढ़ेगा और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सकेगी।

उन्होंने कहा कि युवाओं के सपनों और उनकी मेहनत की रक्षा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। परीक्षा प्रणाली को निष्पक्ष, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाए रखने के लिए केंद्र और राज्य सरकार लगातार आवश्यक कदम उठा रही हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस फैसले से देशभर के विद्यार्थियों का परीक्षा व्यवस्था पर भरोसा और मजबूत होगा। साथ ही यह निर्णय ईमानदारी से मेहनत करने वाले लाखों छात्रों को न्याय दिलाने की दिशा में एक अहम पहल साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!