भाजपा पर बरसे कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, बोले- “राहुल गांधी से डरी हुई है भाजपा”

उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा रुड़की पहुंचे, जहां कांग्रेस ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. गौरव चौधरी के कार्यालय में उनका कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

इस अवसर पर कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रणबीर नागर, पूर्व ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आशीष सैनी सहित कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

आलोक शर्मा ने बताया कि कांग्रेस पूरे उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर जनसंपर्क अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत वह प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई है।

भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

मीडिया से बातचीत के दौरान आलोक शर्मा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से घबराई हुई है। उनका आरोप था कि प्रदेश की धामी सरकार ने भ्रष्टाचार की सभी सीमाएं पार कर दी हैं और अब जनता सरकार से नाराज होकर बदलाव चाहती है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि राहुल गांधी के हालिया उत्तराखंड दौरे को प्रभावित करने की कोशिश की गई। शर्मा के अनुसार, खुफिया रिपोर्टों में बड़ी संख्या में छात्रों के राहुल गांधी के कार्यक्रम में पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद सरकार घबरा गई और कार्यक्रम में व्यवधान डालने का प्रयास किया।

छात्रों के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा

आलोक शर्मा ने दिल्ली में छात्रों के साथ कथित अन्याय का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में केंद्र सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं और छात्रों के हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।

कांग्रेस का कहना है कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में जनसंपर्क अभियान के माध्यम से जनता के बीच अपनी बात मजबूती से रखेगी और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!