भाजपा ने चंडी प्रसाद बेलवाल को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, चार आपदा संवेदनशील जिलों के प्रभारी बने

भारतीय जनता पार्टी के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ ने संगठन के विस्तार के तहत वरिष्ठ कार्यकर्ता चंडी प्रसाद बेलवाल को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें देहरादून महानगर, रुद्रप्रयाग, टिहरी और चमोली जिलों का प्रभारी नियुक्त किया गया है। ये चारों जिले उत्तराखंड के सबसे अधिक आपदा संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल हैं, जहां प्रभावी समन्वय और मजबूत आपदा प्रबंधन व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

भाजपा आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नवीन पिरशाली ने नियुक्ति की घोषणा करते हुए विश्वास जताया कि चंडी प्रसाद बेलवाल अपने लंबे संगठनात्मक अनुभव और कार्यकुशलता के बल पर इन जिलों में प्रकोष्ठ को और अधिक मजबूत बनाएंगे। उन्होंने कहा कि बेलवाल के नेतृत्व में आपदा से पूर्व तैयारी, राहत एवं बचाव कार्यों के समन्वय और जनजागरूकता अभियानों को नई गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर स्वयंसेवकों का मजबूत नेटवर्क तैयार करने, प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने और आपदा के समय त्वरित राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में मॉक ड्रिल और जागरूकता कार्यक्रम भी नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे।

नवीन पिरशाली ने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से भी बेहद संवेदनशील राज्य है। ऐसे में आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ का उद्देश्य केवल आपदा के समय राहत कार्य करना नहीं, बल्कि समाज को पहले से तैयार करना और जनभागीदारी को बढ़ावा देना भी है।

भाजपा का लक्ष्य उत्तराखंड को आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में देश का रोल मॉडल बनाना है। इसके लिए प्रदेशभर में “आपदा मित्र” अभियान, जनजागरूकता कार्यक्रम, प्रशिक्षण शिविर और मॉक ड्रिल जैसे अभियान व्यापक स्तर पर चलाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!