देहरादून: रायपुर क्षेत्र में बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूट की सनसनीखेज वारदात का देहरादून पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की बालियां, अंगूठी, मोबाइल फोन और 3 हजार रुपये नकद समेत शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को गढ़वाली कॉलोनी, रायपुर निवासी गीता काला ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी मां भुवनेश्वरी देवी घर में अकेली थीं। इसी दौरान दो युवक खुद को नगर निगम का कर्मचारी बताकर घर में घुस गए। आरोप है कि दोनों ने बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट की, उन्हें बंधक बनाया और उनके कानों के सोने के कुंडल, अंगूठी, मोबाइल फोन तथा 3 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे करीब 65 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्धों की पहचान होने के बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और लगातार की गई जांच के आधार पर 20 जुलाई 2026 को दोनों आरोपियों को सीक्यूआई जंगल, रायपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर सिंह रावत और अंकित गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों प्लंबर का काम करते हैं और नशे के आदी हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सागर पीड़िता के मोहल्ले का ही रहने वाला है और उसे यह जानकारी थी कि बुजुर्ग महिला अक्सर घर में अकेली रहती हैं। इसी जानकारी का फायदा उठाकर दोनों ने लूट की योजना बनाई और नगर निगम कर्मचारी बनकर वारदात को अंजाम दिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वारदात के बाद वे लूटे गए सामान को बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के कुंडल, अंगूठी, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और 3 हजार रुपये नकद बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।















Leave a Reply