देहरादून: उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस वर्ष कांवड़ यात्रा की शुरुआत 30 जुलाई 2026 से होगी। लाखों शिवभक्तों के उत्तराखंड पहुंचने की संभावना को देखते हुए राज्य सरकार सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, श्रद्धा और सनातन परंपरा का एक महत्वपूर्ण पर्व है। देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालु हरिद्वार और अन्य पवित्र स्थलों से गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार हर वर्ष की तरह इस बार भी कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिले।
सीएम धामी ने जानकारी दी कि दो दिन बाद हरिद्वार में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें कांवड़ यात्रा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, सफाई व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग और आपदा प्रबंधन सहित सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा होगी।
सरकार का लक्ष्य है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरी यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।















Leave a Reply