सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ अभद्र और अपमानजनक टिप्पणियां करने के आरोपी राजेंद्र सिंह की गिरफ्तारी के बाद भाजपा महिला मोर्चा ने उत्तराखंड पुलिस की त्वरित कार्रवाई का स्वागत किया है। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता कोतवाली डालनवाला पहुंचे और पुलिस अधिकारियों का सम्मान करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
भाजपा महिला मोर्चा का कहना है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर साबित किया है। रुचि भट्ट ने कहा कि सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने वालों के लिए उत्तराखंड में कोई जगह नहीं है और ऐसे मामलों में कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा ने पूरे प्रदेश में लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज उठाई थी, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके लिए उन्होंने उत्तराखंड पुलिस और पूरे पुलिस प्रशासन का धन्यवाद व्यक्त किया।
रुचि भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश में कानून का राज मजबूत हुआ है और महिलाओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई उन लोगों के लिए स्पष्ट संदेश है, जो सोशल मीडिया की आड़ में महिलाओं का अपमान करने का प्रयास करते हैं। ऐसे मामलों में कानून अपना काम करेगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने भी एक स्वर में कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए एकजुट है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी महिलाओं के खिलाफ किसी भी तरह की अभद्रता या अपमानजनक व्यवहार का लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से मजबूती से विरोध किया जाएगा।
















Leave a Reply