रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की स्थित पिरान कलियर थाना क्षेत्र के हबीबपुर नवादा गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान नीलू सैनी के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
10 साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, झबरेड़ा निवासी नीलू सैनी की शादी करीब 10 वर्ष पहले हबीबपुर नवादा निवासी बसंत सैनी से हुई थी। शादी के बाद नीलू ने चार पुत्रियों को जन्म दिया। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा नीलू के साथ मारपीट की जाती थी।
मायके पक्ष का गंभीर आरोप
मृतका के पिता नीतू राम सैनी का आरोप है कि उनकी बेटी को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि कई बार मारपीट में घायल होने के बाद नीलू को अस्पताल में भर्ती तक कराना पड़ा था।
परिजनों का आरोप है कि लगातार चार बेटियों के जन्म के बाद ससुराल पक्ष का व्यवहार और अधिक आक्रामक हो गया था तथा नीलू के साथ लगातार मारपीट की जाती थी।
शुक्रवार रात हुई संदिग्ध मौत
मायके पक्ष का कहना है कि शुक्रवार देर रात भी नीलू के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के परिजन भी अस्पताल पहुंचे।
पुलिस जांच जारी
पिरान कलियर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच पूरी होने का इंतजार करने की बात कही है।
















Leave a Reply