राहुल गांधी के देहरादून दौरे पर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, कांग्रेस पर लगाए महिला विरोधी होने के आरोप

देहरादून: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के देहरादून दौरे के दौरान भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने उनके खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट के नेतृत्व में प्रदेशभर से पहुंचीं महिला कार्यकर्ताओं ने सीएमआई चौक पर एकत्र होकर कांग्रेस की कथित महिला विरोधी सोच के खिलाफ प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।

प्रदर्शन में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री हिमानी वैष्णव, राज्य मंत्री विनोद उनियाल, मधु भट्ट सहित प्रदेश, जिला और मंडल स्तर की कई महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहीं। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर कांग्रेस के विरोध में अपनी आवाज बुलंद की।

प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध कर महिलाओं की आकांक्षाओं का सम्मान नहीं किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी का ऐतिहासिक अवसर दिया, जबकि कांग्रेस का रुख महिलाओं के मुद्दों पर हमेशा विरोधाभासी रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति महिला सम्मान और सशक्तिकरण के मुद्दे पर किसी भी प्रकार की राजनीति स्वीकार नहीं करेगी।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सीएमआई चौक पर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जारी रखा। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को हिरासत में लेकर पुलिस वाहनों के माध्यम से मौके से हटाया।

भाजपा महिला मोर्चा ने कहा कि कांग्रेस को महिलाओं के अधिकारों और सम्मान पर राजनीति करने के बजाय अपने रुख पर आत्ममंथन करना चाहिए। संगठन का कहना है कि उत्तराखंड की महिलाएं महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के साथ खड़ी हैं और भविष्य में भी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखती रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!