देहरादून: राजधानी देहरादून में आयोजित ‘अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हजारों युवाओं से संवाद किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं की सहभागिता देखने को मिली। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रसेवा, अग्निवीरों के भविष्य और उनके पुनर्वास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड वीरभूमि है और यहां सैनिकों तथा उनके परिवारों का सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अग्निवीरों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है, ताकि राष्ट्रसेवा के बाद उन्हें बेहतर अवसर और सम्मानजनक रोजगार मिल सके।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के उस महत्वपूर्ण निर्णय का भी उल्लेख किया, जिसके तहत सरकारी सेवाओं में अग्निवीरों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के साथ-साथ उनकी राष्ट्रसेवा का सम्मान भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अग्निवीरों के प्रशिक्षण, अनुभव और कौशल का प्रभावी उपयोग करते हुए उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार और आत्मनिर्भरता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने युवाओं से देश सेवा के साथ-साथ अपने कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं ने मुख्यमंत्री के संबोधन को उत्साहपूर्वक सुना। राज्य सरकार का कहना है कि सैनिकों, पूर्व सैनिकों, अग्निवीरों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं पर लगातार कार्य किया जा रहा है। सरकार उत्तराखंड की सैन्य परंपरा को और मजबूत बनाने तथा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है।














Leave a Reply