देहरादून: यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग ने देहरादून में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को तकनीक से जोड़ने का निर्णय लिया है। अब 1 अप्रैल 2019 के बाद पंजीकृत सभी पैसेंजर वाहनों में GPS और पैनिक बटन लगाना अनिवार्य होगा। विभाग का मानना है कि इससे आपातकालीन स्थितियों में तुरंत कार्रवाई संभव होगी।
आरटीओ (प्रशासन) संदीप सैनी के अनुसार जिले में 25 हजार से अधिक वाहनों में यह प्रणाली पहले ही स्थापित की जा चुकी है। इन सभी वाहनों की निगरानी के लिए एक आधुनिक कंट्रोल रूम तैयार किया गया है, जहां से हर वाहन की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
GPS आधारित यह सिस्टम केवल लोकेशन ट्रैकिंग तक सीमित नहीं है। इसमें ओवर स्पीडिंग, अचानक तेज ब्रेक लगाने, डिवाइस से छेड़छाड़ और अन्य तकनीकी गतिविधियों पर नजर रखने वाले कुल 14 सुरक्षा अलर्ट दिए गए हैं। इससे सड़क सुरक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा।
अगर किसी यात्री को सफर के दौरान खतरा महसूस होता है तो वह वाहन में लगे पैनिक बटन का इस्तेमाल कर सकता है। बटन दबाते ही सूचना सीधे 112 कंट्रोल रूम और पुलिस तक पहुंच जाएगी। पुलिस को वाहन की लाइव लोकेशन मिलने से मौके पर तुरंत मदद पहुंचाई जा सकेगी।
परिवहन विभाग का कहना है कि यह व्यवस्था सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुरक्षित, जवाबदेह और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।
















Leave a Reply