रुद्रप्रयाग: सेवा, सुशासन और समर्पण कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली में तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का शुभारंभ किया गया। दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर के पहले दिन जिला चिकित्सालय की विशेषज्ञ टीम ने 120 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और आवश्यक दवाएं वितरित कीं। यह शिविर 18 जुलाई तक संचालित होगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश के निर्देशन में आयोजित शिविर में पहले दिन 38 पुरुष और 82 महिलाओं सहित कुल 120 लोगों की जांच की गई। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान 14 मरीज हाई ब्लड प्रेशर (हाइपरटेंशन) और 11 मरीज मधुमेह (डायबिटीज) से पीड़ित पाए गए, जिन्हें आवश्यक परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया गया।
महिलाओं की विशेष स्वास्थ्य जांच और कैंसर स्क्रीनिंग
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. खुशपाल शाह ने बताया कि शिविर के दौरान 13 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच (ANC) की गई। इसके अलावा 5 महिलाओं की सर्वाइकल और ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग भी की गई, जिससे गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान संभव हो सके।
टीबी जांच, एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड की सुविधा भी उपलब्ध
शिविर में 11 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग, 41 मरीजों के लैब टेस्ट, 11 एक्स-रे और 19 अल्ट्रासाउंड किए गए। इसके साथ ही ग्रामीणों को आवश्यक दवाएं भी निशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
स्वास्थ्य जागरूकता पर भी दिया गया जोर
स्वास्थ्य विभाग की ओर से 43 ग्रामीणों की काउंसलिंग भी की गई। इस दौरान माहवारी स्वच्छता, पोषण, एनीमिया, परिवार कल्याण, किशोर स्वास्थ्य और ओरल हेल्थ जैसे विषयों पर जागरूक किया गया। साथ ही एक-एक आभा कार्ड और आयुष्मान भारत कार्ड भी बनाए गए।
विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में जिला चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. एस.के. द्विवेदी, डॉ. किरण रावत, डॉ. धनेश्वरी, डॉ. महिला रावत के साथ प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. खुशपाल शाह, डॉ. राधिका, डॉ. आशा और एएनएम सोनिया सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।














Leave a Reply