हरेला पर्व पर दीप्ति रावत भारद्वाज ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

हरेला पर्व के अवसर पर डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के जोगीयाणा स्थित श्री भैरव देवता मंदिर परिसर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

दीप्ति रावत भारद्वाज ने कहा कि हरेला केवल एक लोकपर्व नहीं, बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति, प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें प्रकृति के साथ संतुलित जीवन जीने और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य सुनिश्चित करने की प्रेरणा देता है। उत्तराखंड की लोक परंपराएं सदियों से प्रकृति के संरक्षण और संवर्धन का संदेश देती रही हैं।

उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण भी उतना ही जरूरी है। उनके अनुसार वृक्ष जल संरक्षण, जैव विविधता और स्वच्छ पर्यावरण के सबसे मजबूत आधार हैं।

दीप्ति रावत भारद्वाज ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी हरियाली, नदियों, पर्वतों और समृद्ध प्राकृतिक धरोहर से है। यदि इस विरासत को सुरक्षित रखना है तो वृक्षारोपण को जनभागीदारी का अभियान बनाना होगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से हरेला पर्व के अवसर पर अधिक से अधिक पौधे लगाने, जल स्रोतों के संरक्षण और स्वच्छता को अपनाकर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा हरित, स्वच्छ और पर्यावरण-संतुलित उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प लिया। आयोजन के माध्यम से प्रकृति संरक्षण और जनजागरूकता का संदेश भी दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!