गदरपुर के मोदी बैंक्विट हॉल में भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक अरविंद पांडे, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अशोक हुड़िया और मुख्य वक्ता एवं काशीपुर जिला सह प्रभारी भारत भूषण चुघ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक अरविंद पांडे ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड में अभूतपूर्व विकास कार्य किए हैं और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य का शायद ही कोई ऐसा क्षेत्र बचा हो, जहां विकास की किरण न पहुंची हो। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही हैं और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
मुख्य वक्ता भारत भूषण चुघ ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पूरी मजबूती के साथ संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार बूथ स्तर का कार्यकर्ता होता है। इसलिए प्रत्येक बूथ पर युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
बैठक में अन्य वक्ताओं ने भी संगठन को मजबूत करने, सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के संयोजक जिला उपाध्यक्ष चंकित हुड़िया रहे, जबकि संचालन मंडल महामंत्री अनिल जेटली ने किया। कार्यक्रम का समापन प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अशोक हुड़िया के संबोधन के साथ हुआ।
बैठक में दिनेशपुर मंडल अध्यक्ष विश्वजीत मंडल, किलाखेड़ा मंडल अध्यक्ष शशिप्रीत सिंह, मंडल महामंत्री अजय बठला, प्रकाश कोश्यारी, जितेंद्र गुप्ता, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र कालरा, रेनू बिष्ट, कंचन सिंह, अनादी रंजन मंडल, नरेश हुड़िया, सुरजीत सिंह, कुलदीप सिंह, तनुज गिलहोत्रा, रोशन कंबोज, जिला पंचायत सदस्य अभिषेक वर्मा, नरेंद्र कोरंगा, सूरजभान गुप्ता, विशाल छाबड़ा, मनोहर प्रकाश सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















Leave a Reply