उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने अपने शासकीय आवास परिसर में धर्मपत्नी निर्मला जोशी के साथ फलदार पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
कृषि मंत्री ने कहा कि हरेला केवल उत्तराखंड की सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और मानव के बीच संतुलन बनाए रखने का संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी हरियाली, जंगलों और प्राकृतिक संपदा से है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक फलदार और छायादार पौधे लगाने की अपील की।
गणेश जोशी ने प्रधानमंत्री के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ भावनात्मक जुड़ाव का भी प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपने परिवार और समाज के साथ मिलकर पौधरोपण करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। यदि हर व्यक्ति एक पौधे की जिम्मेदारी ले, तो आने वाले वर्षों में उत्तराखंड और अधिक हरा-भरा और पर्यावरण की दृष्टि से समृद्ध बन सकता है।
















Leave a Reply