हरीश चमोली बने भाजपा प्रदेश मीडिया सम्पर्क विभाग के प्रभारी, संगठन ने सौंपी अहम जिम्मेदारी

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए हरीश चमोली को प्रदेश मीडिया सम्पर्क विभाग का प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से की गई इस नियुक्ति को मीडिया और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।

नई जिम्मेदारी मिलने के बाद हरीश चमोली ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट तथा संगठन नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने इसे सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी बताया।

हरीश चमोली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता पार्टी की विचारधारा, जनसेवा और अंत्योदय के संकल्प को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाना होगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश मीडिया सम्पर्क विभाग के माध्यम से संगठन और मीडिया के बीच सकारात्मक एवं सशक्त संवाद स्थापित किया जाएगा। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, संगठन की गतिविधियों और विकास कार्यों की तथ्यात्मक जानकारी आम जनता तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

हरीश चमोली ने विश्वास जताया कि प्रदेश अध्यक्ष, वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सहयोग से वे संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में अपनी जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी उनकी नियुक्ति का स्वागत करते हुए इसे संगठन के लिए सकारात्मक और महत्वपूर्ण फैसला बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!