देहरादून में MDDA की सीलिंग कार्रवाई के दौरान बवाल, पुलिस के सामने दो पक्षों में मारपीट, महिला समेत 4 गिरफ्तार

देहरादून: राजधानी देहरादून के कोतवाली डालनवाला क्षेत्र स्थित कृष्णा कॉलोनी में सोमवार को एमडीडीए (MDDA) की सीलिंग कार्रवाई के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब दो पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप-प्रत्यारोप के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस की मौजूदगी में ही दोनों पक्षों के लोग आपस में मारपीट करने लगे।

स्थिति बिगड़ती देख डालनवाला पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, समझाने के बावजूद जब विवाद नहीं थमा और मौके पर कानून-व्यवस्था प्रभावित होने लगी, तो पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126, 135 और 170 के तहत कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनसे पूछताछ भी की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और पुलिस एहतियात के तौर पर पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!