उत्तराखंड सरकार प्रदेश के स्पेशल कैटेगरी (विशेष श्रेणी) के खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने घोषणा की है कि राज्य की नई खेल नीति में विशेष श्रेणी के खिलाड़ियों के लिए अलग और विशेष प्रावधान शामिल किए जाएंगे, ताकि उनके प्रशिक्षण, आर्थिक सहायता और खेल विकास को नई दिशा मिल सके।
यह घोषणा शनिवार को देहरादून स्थित हिमाद्री आइस रिंक में आयोजित ‘स्पेशल ओलंपिक भारत नेशनल चैंपियनशिप फिगर एंड स्पीड स्केटिंग’ के उद्घाटन समारोह के दौरान की गई। खेल मंत्री ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
11 राज्यों के 100 से अधिक खिलाड़ी ले रहे हैं हिस्सा
राष्ट्रीय स्तर की इस चैंपियनशिप में देश के 11 राज्यों से 100 से अधिक विशेष श्रेणी के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उद्घाटन समारोह में रेखा आर्या ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके साहस, आत्मविश्वास और संघर्ष की सराहना की।
उन्होंने कहा कि विशेष श्रेणी के खिलाड़ी कठिन परिस्थितियों और अनेक चुनौतियों का सामना करने के बावजूद खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा साबित कर रहे हैं। उनका जज्बा समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
नई खेल नीति में मिलेगा विशेष प्रशिक्षण और आर्थिक सहयोग
खेल मंत्री ने कहा कि सामान्य खिलाड़ियों की तुलना में विशेष श्रेणी के खिलाड़ियों को अधिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उन्हें विशेष प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं, आर्थिक सहायता और अतिरिक्त प्रोत्साहन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि अधिकांश राज्यों की खेल नीतियों में विशेष श्रेणी के खिलाड़ियों के लिए अलग से कोई ठोस व्यवस्था नहीं होती, लेकिन उत्तराखंड इस सोच को बदलने जा रहा है। नई खेल नीति में इन खिलाड़ियों के समग्र विकास के लिए व्यापक और प्रभावी प्रावधान किए जाएंगे।
2029 स्पेशल ओलंपिक में चमकेंगे उत्तराखंड के खिलाड़ी
रेखा आर्या ने विश्वास जताया कि हिमाद्री आइस रिंक में अपनी प्रतिभा दिखा रहे खिलाड़ी भविष्य में 2029 स्पेशल ओलंपिक्स वर्ल्ड गेम्स में भारत और उत्तराखंड का नाम वैश्विक स्तर पर रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों की तैयारियों में हर संभव सहयोग देगी और उन्हें किसी भी प्रकार की सुविधा की कमी नहीं होने दी जाएगी।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में भाजपा प्रदेश मंत्री दीप्ति रावत, इंडियन आइस स्केटिंग फेडरेशन के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, स्पेशल ओलंपिक भारत के क्षेत्रीय निदेशक डीबीएस रावत, बोर्ड सदस्य राजेश्वर सहित खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न राज्यों से आए कोच, अभिभावक और खेल प्रेमी भी उपस्थित रहे।
















Leave a Reply