देहरादून: उत्तराखंड के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को रानीपोखरी स्थित सीएसडी (CSD) कैंटीन के जीर्णोद्धार एवं विस्तारीकरण कार्यों का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों के साथ सैनिक मिलन कार्यक्रम में भाग लेकर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। मंत्री ने कहा कि सैनिकों और पूर्व सैनिकों के सम्मान, सुविधा और कल्याण के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
यह परियोजना मंत्री गणेश जोशी द्वारा पूर्व सैनिकों से किए गए वादे को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। दरअसल, पिछले वर्ष रानीपोखरी सीएसडी कैंटीन के निरीक्षण के दौरान पूर्व सैनिकों ने कैंटीन में सीमित स्थान और बढ़ती जरूरतों के मद्देनज़र इसके विस्तार की मांग उठाई थी। उस समय मंत्री ने कैंटीन के जीर्णोद्धार और विस्तारीकरण का आश्वासन दिया था, जिसे अब अमलीजामा पहनाया गया है।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों और उनके परिवारजनों ने रानीपोखरी क्षेत्र में सीएसडी कैंटीन की स्थापना और उसके विस्तार के लिए मंत्री गणेश जोशी का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि कैंटीन के विस्तारीकरण से बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को बेहतर और अधिक सुविधाजनक सेवाएं मिल सकेंगी, जिससे उन्हें आवश्यक वस्तुएं प्राप्त करने में आसानी होगी।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले सैनिक और पूर्व सैनिक राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों और पूर्व सैनिकों के हितों की रक्षा, उनकी सुविधाओं में विस्तार और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सैनिक कल्याण विभाग उनकी सभी जायज समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से प्रयास करता रहेगा।
इस दौरान पूर्व सैनिकों ने रानीपोखरी स्थित सीएसडी कैंटीन के समीप बहने वाली बरसाती नदी से संभावित खतरे का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कैंटीन की सुरक्षा के लिए आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य कराने सहित अन्य मांगें मंत्री के समक्ष रखीं। इस पर मंत्री गणेश जोशी ने सभी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश देने की बात कही।
कार्यक्रम में केंद्रीय अध्यक्ष एस.एस. मथारू, डीजीएम राजेश नेगी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी (सेवानिवृत्त कर्नल) फर्स्वाण, आनंद सिंह राणा, राजेंद्र रावत, ग्राम प्रधान सुधीर रतूड़ी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।















Leave a Reply