उत्तराखंड सरकार प्रदेश की नई खेल नीति तैयार करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इस बार खेल नीति को अधिक प्रभावी और जनभागीदारी आधारित बनाने के लिए आम जनता, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों से भी सुझाव लिए जाएंगे। खेल मंत्री रेखा आर्या ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इसके लिए जल्द ऑनलाइन सुझाव पोर्टल शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक के बाद खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि नई खेल नीति तैयार करते समय केंद्र सरकार की खेल नीति के महत्वपूर्ण प्रावधानों को शामिल किया जाएगा। साथ ही उत्तराखंड के पारंपरिक और स्थानीय खेलों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि प्रदेश की खेल संस्कृति को नई पहचान मिल सके।
उन्होंने कहा कि विभाग जल्द ही एक ऑनलाइन लिंक जारी करेगा, जिसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति अपनी राय और सुझाव साझा कर सकेगा। प्राप्त सुझावों की समीक्षा के बाद उपयुक्त प्रस्तावों को नई खेल नीति में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा उपयोगी सुझाव देने वाले लोगों को सम्मानित करने की भी योजना बनाई जा रही है।
बैठक के दौरान खेल मंत्री ने अधिकारियों को प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय की तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। साथ ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने पर जोर दिया।
रेखा आर्या ने बताया कि पदक विजेता खिलाड़ियों में से कुछ को प्रदेश की खेल अकादमियों में समायोजित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। समीक्षा बैठक में विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक दीप्ति सिंह, अपर निदेशक अजय अग्रवाल और महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्राचार्य राजेश मंमगाई सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
















Leave a Reply